
अप्रैल में अमेजन ने एलेक्सा स्पीकर्स के लिए प्राइम म्यूजिक मुफ्त में देने की घोषणा की थी। अब अपने वॉयस असिस्टेंट की कार्य क्षमता को बढ़ाने के लिए कंपनी एलेक्सा में अधिक क्षेत्रीय भाषाओं का सपोर्ट देने पर काम कर रही है। इसका फायदा ये होगा कि जिन ग्राहकों को अंग्रेजी नहीं आती है वो भी एलेक्सा को कमांड दे पाएंगे।
अमेजन ने अपने वॉयस असिस्टेंट में अधिक क्षेत्रीय भाषाओं को जोड़ने की इच्छा का खुलासा किया है। सबसे पहले कंपनी हिन्दी को जोड़ने जा रही है। अमेजन के अनुसार, एलेक्सा में हिन्दी वॉयस असिस्टेंट का सपोर्ट देने का काम अभी भी चल रहा है। कंपनी का मानना है कि एलेक्सा फिलहाल हिंग्लिश (हिन्दी-इंग्लिश मिलाकर) कमांड को समझने में सक्षम है लेकिन एलेक्सा को पूरी तरह से हिन्दी को अपनाना एक कठिन काम है।
ऑनलाइन ई-कॉमर्स रिटेलर अमेजन का कहना है कि एलेक्सा को हिंदी समझना आसान है, लेकिन समस्याएं तब पैदा होती हैं, जब उसी भाषा में अन्य बोलियां और लहजे होते हैं, जिन्हें एलेक्सा को समझने और सही जवाब देने की जरूरत होगी।
ऐसा करने के लिए, अमेजन को एलेक्सा को हिंदी बोलने वालों के साथ अधिक संवादात्मक बनाना होगा ताकि वो यूजर्स से सही से बातचीत कर सकें। इसके लिए एलेक्सा की सीखने की क्षमता को अधिक विकसित करना होगा। कंपनी तमिल, बंगाली, तेलुगु, मराठी, कन्नड़ और गुजराती सहित अन्य भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं का सपोर्ट देने की योजना बना रही है।
अमेजन एलेक्सा वर्तमान में 80 से अधिक देशों में 14 भाषाओं के सपोर्ट के साथ उपलब्ध है।
एलेक्सा गूगल असिस्टेंट की तरह होता है और ये अमेजन का है। एलेक्सा सपोर्ट वाले डिवाइसेज में इन-बिल्ट स्पीकर होता है जिसकी मदद से एलेक्सा से बात की जाती है। यूजर्स एलेक्सा को वॉयस कमांड देकर म्यूजिक प्ले करना, कॉल करना, अलार्म सैट करना और रिमाइंडर आदि जैसे काम बोलकर करवा सकते हैं। अगर डिवाइस वीडियो सपोर्ट करता है तो यूजर्स एलेक्सा को कमांड देकर वीडियो न्यूज बुलेटिन भी देख पाएंगे। साथ ही साथ एंटरटेनमेंट के लिए अमेजन प्राइम वीडियो, डेली मोशन, Vimeo से मूवी का ट्रेलर भी प्ले करवा सकते हैं।
फेसबुक पर भी टेक खबरों से जुड़े रहने के लिए लाइक करें हमारा फेसबुक पेज
You might like this